बिग न्यूज : उधमसिंहनगर में अवैध असलहा तस्करी का भंडाफोड़ SSP अजय गणपति की बड़ी कार्रवाई, अंतर्राज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

09 अप्रैल 2026 ( सीमांत की आवाज ) उधमसिंहनगर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय अवैध असलहा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में एसओजी रुद्रपुर और कोतवाली सितारगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो जम्मू-कश्मीर तक अवैध हथियार सप्लाई करते थे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बिना नंबर प्लेट की एक सफेद स्विफ्ट कार में सवार दो संदिग्ध व्यक्ति सिडकुल फेस-02 क्षेत्र से कच्चे रास्ते के जरिए हथियार लेकर जा रहे हैं। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन वाहन कच्चे रास्ते में फंस गया और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर दबोच लिया।
तलाशी में पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए, जिनमें 2 पोनिया 12 बोर रायफल, 1 रिवॉल्वर, 2 तमंचे और कुल 344 कारतूस शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे हथियारों को चोरगलिया जंगल में छिपाने जा रहे थे और अंतर्राज्यीय स्तर पर सप्लाई करते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हरेन्द्र सिंह उर्फ हनी और निखिल वर्मा उर्फ रानू के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, इनके तार जम्मू निवासी कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से जुड़े हो सकते हैं, जिससे आतंकवादी गतिविधियों की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और बैंकिंग ट्रेल के माध्यम से पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति का बयान:
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध असलहा तस्करी और संगठित अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत ऐसे अपराधियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें