05 मई 2026 ( सीमांत की आवाज ) संवाददाता सुरेन्द्र गुप्ता
खटीमा/टनकपुर रोड NH-09 पर अतिक्रमण
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र खटीमा में नेशनल हाईवे-09 पर बिल्डिंग मैटेरियल कारोबारियों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण से सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। खटीमा के विभिन्न मार्गों से लेकर टनकपुर रोड तक हाईवे किनारे रेत, बजरी, ईंट और अन्य निर्माण सामग्री खुलेआम डंप की जा रही है, जिससे सड़क संकरी हो गई है और यातायात प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अतिक्रमण के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और अब तक दर्जनों लोगों की जान भी जा चुकी है। खासकर रात के समय यह अतिक्रमण और अधिक खतरनाक साबित होता है, जब सड़क पर पड़े निर्माण सामग्री के ढेर दिखाई नहीं देते।
हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर समस्या के बावजूद प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। न तो अतिक्रमण हटाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई की जा रही है और न ही नियमों का पालन कराने के लिए सख्ती दिखाई दे रही है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए हाईवे को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है, ताकि सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रह सके।








