बिग न्यूज :- केदारनाथ धाम पहुंच जिलाधिकारी और एसपी ने परखी यात्रा व्यवस्थाएं, श्रद्धालुओं की सुविधा पर दिया विशेष जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

07 मई 2026 (सीमांत की आवाज ) केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं का डीएम-एसपी ने लिया जायजा
रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन लगातार यात्रा व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने बाबा केदार के दर्शन हेतु संचालित टोकन एवं कतार व्यवस्था का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं से संवाद भी किया और उनके सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए जाएं तथा भीड़ नियंत्रण व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।
जिलाधिकारी ने धाम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था, शौचालयों की नियमित सफाई, पेयजल आपूर्ति और कूड़ा निस्तारण व्यवस्था का भी जायजा लिया। साथ ही वर्षा और बर्फबारी के चलते फिसलन वाले स्थानों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और भीड़ प्रबंधन का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सुविधाएं, विद्युत आपूर्ति, आवास और भोजन व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिला प्रशासन ने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सहज यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें