बिग न्यूज :- संविधान हत्या दिवस पर बोले मुख्यमंत्री धामी: आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय, लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष सदैव रहेगा प्रेरणास्रोत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

25 जून 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून, 25 जून। संविधान हत्या दिवस के अवसर पर जी.एम.एस. रोड स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने लोकतंत्र सेनानियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय बताते हुए कहा कि तत्कालीन सरकार ने सत्ता बचाने के लिए नागरिक स्वतंत्रताओं का हनन किया, प्रेस की आजादी पर अंकुश लगाया और संविधान की मूल भावना को आघात पहुंचाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के त्याग, साहस और संघर्ष के कारण ही देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था की पुनर्स्थापना संभव हो सकी। उन्होंने सभी लोकतंत्र सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि उनका योगदान वर्तमान और भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए गए उनके संघर्ष को सदैव याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकार प्रदान करता है, लेकिन आपातकाल के दौरान इन मूल अधिकारों को कुचलने का प्रयास किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की जागरूक जनता ने लोकतांत्रिक माध्यमों से इसका जवाब देते हुए लोकतंत्र को पुनः स्थापित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को केंद्र में रखकर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय, राष्ट्र प्रथम तथा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के आधार पर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। वर्ष 2023 में लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान निधि को 16 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। इसके अलावा आपातकाल के दौरान जेल गए लोकतंत्र सेनानियों और उनके आश्रित जीवनसाथियों को विशेष पहचान-पत्र भी जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र की रक्षा, संविधान के सम्मान और राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखते हुए विकसित भारत और श्रेष्ठ उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया गया तथा उनके संघर्ष और योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद Naresh Bansal, कैबिनेट मंत्री Ganesh Joshi, विधायक Savita Kapoor, Umesh Sharma Kau सहित अनेक जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें