बिग न्यूज :- मायावती आश्रम में निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर शुरू, पहले दिन 40 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

25 जून 2026 ( सीमांत की आवाज )

चम्पावत, 25 जून 2026 (सूवि)।
अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का शुभारंभ हो गया है। शिविर के पहले दिन चार दर्जन से अधिक मरीजों ने दांतों की जांच एवं उपचार कराकर लाभ प्राप्त किया।

शिविर में कोलकाता से पहुंचे विशेषज्ञ दंत चिकित्सक डॉ. निर्मलिया मुखर्जी, डॉ. श्रुति बायल और डॉ. प्रीति ने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. गौतम बायल के नेतृत्व में मरीजों का उपचार किया। चिकित्सालय प्रभारी स्वामी एकदेवानंद जी महाराज ने बताया कि यह शिविर 30 जून तक संचालित होगा, जिसमें दांतों से संबंधित विभिन्न समस्याओं का निशुल्क उपचार किया जाएगा।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कहा कि अद्वैत आश्रम मायावती में सेवा कार्य करना उनके लिए आध्यात्मिक अनुभव है। उन्होंने बताया कि यहां मरीजों की सेवा नर-नारायण भाव से निस्वार्थ रूप से की जाती है।

शिविर के संचालन में पैरामेडिकल स्टाफ के मनोज पुनेठा, पंकज पुनेठा, अनिल, अजय, मोहित तथा दिल्ली से आईं अरुंधति सिन्हा का विशेष सहयोग रहा। 30 जून तक चलने वाले इस शिविर से क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ दंत चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें