26 जून 2026 ( सीमांत की आवाज ) चम्पावत, जनपद मुख्यालय में निर्माणाधीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का औचक निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सर्किट हाउस एवं अत्याधुनिक साइंस सेंटर के निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी संस्था और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने साइंस सेंटर की विभिन्न गैलरियों, प्रशिक्षण हॉल, साइंस कैंप फैसिलिटी तथा प्रस्तावित ऑडिटोरियम स्थल का भी जायजा लिया। उन्होंने पर्याप्त श्रमिकों और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, नियमित निगरानी रखने तथा तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि प्रगति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।






























