26 जून 2026 ( सीमांत की आवाज )
चम्पावत, 26 जून। वर्षाकाल में संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए टनकपुर के समवाय ठुलीगाड़ में पंचम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) की OPS Alert Exercise के तहत राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) ने एक दिवसीय व्यवहारिक प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। संयुक्त अभ्यास में आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरणों, रेस्क्यू तकनीकों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान SDRF की टीम ने प्राथमिक उपचार, घायलों की सुरक्षित निकासी, नदी एवं दुर्गम क्षेत्रों में बचाव, रैपलिंग और जीवन रक्षक तकनीकों का प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे संयुक्त अभ्यास विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में SSB और SDRF के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में जवान मौजूद रहे।






























