बिग न्यूज :- चम्पावत को मॉडल जनपद बनाने की दिशा में बड़ा कदम, मुख्यमंत्री धामी ने ₹123.79 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

29 जून 2026 ( सीमांत की आवाज ) चम्पावत, 29 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत में आयोजित कार्यक्रम में ₹123.79 करोड़ की लागत वाली 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने ₹27.79 करोड़ की 8 पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और ₹96 करोड़ की 9 नई योजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने ₹3.50 करोड़ की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का शुभारंभ किया तथा बस स्टेशन क्षेत्र में बनने वाले आधुनिक सिटी सेंटर का भूमि पूजन भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को उत्तराखण्ड का मॉडल जनपद बनाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि सरकार सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिससे शिक्षा, पर्यटन, आधारभूत संरचना, कृषि, व्यापार और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चम्पावत नगर में लगभग ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण होगा। साथ ही महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम और अन्य नागरिक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर की स्थापना की जा रही है। कृषि महाविद्यालय, गौशाला विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और माँ वाराही धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि टनकपुर में लगभग ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी और ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक और पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र की स्थापना की दिशा में भी कार्य चल रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुजारियों, अर्धसैनिक बलों, युवाओं, व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, शिक्षकों, उद्यमियों, टैक्सी यूनियन, बैंक कर्मियों, अधिवक्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है, वे विकसित चम्पावत की मजबूत नींव साबित होंगी तथा युवाओं, महिलाओं, किसानों, व्यापारियों और पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा देंगी। उन्होंने विकास कार्यों में जनसहभागिता बनाए रखने का भी आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें