02 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा में 3 दिन में शुरू हुए तीन नए विद्युत उपकेंद्र, अब बिजली कटौती से मिलेगी राहत
खटीमा। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने खटीमा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 29 जून 2026 को मुख्यमंत्री द्वारा खटीमा में विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाने एवं अनावश्यक बिजली कटौती कम करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में विभाग ने रिकॉर्ड समय में कार्य पूरा करते हुए 2 जुलाई 2026 को नवनिर्मित 132/33 केवी उपसंस्थान पकड़िया से 33/11 केवी उपसंस्थान खटीमा शहर एवं 33/11 केवी उपसंस्थान हल्दी की विद्युत आपूर्ति सफलतापूर्वक चालू कर दी।
यूपीसीएल अधिकारियों के अनुसार विभाग के अभियंताओं और कर्मचारियों ने लगातार अथक प्रयास करते हुए मात्र तीन दिनों में इस कार्य को पूरा किया। इससे पहले 132/33 केवी लोहियाहेड उपकेंद्र पर अत्यधिक विद्युत भार होने के कारण स्थानीय स्तर पर बार-बार बिजली कटौती की समस्या बनी रहती थी। नए उपकेंद्र से आपूर्ति शुरू होने के बाद इस समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है तथा खटीमा शहर, हल्दी और आसपास के क्षेत्रों में अधिक विश्वसनीय एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
उपकेंद्र के ऊर्जीकृत होने के अवसर पर मुख्य अभियन्ता (वितरण) रुद्रपुर ई. नरेन्द्र टोलिया, अधीक्षण अभियन्ता चम्पावत ई. डी.के. जोशी, अधिशासी अभियन्ता खटीमा ई. चन्दन सिंह बसनेत, उपखण्ड अधिकारी ई. आलोक सचान, सहायक अभियन्ता (मापक) ई. राजीव कुमार, अधिशासी अभियन्ता (परीक्षण) रुद्रपुर ई. उमाकान्त चतुर्वेदी, अवर अभियन्ता ई. पवन उप्रेती तथा विनोद जोशी सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










