बिग न्यूज :- हरिद्वार में श्रीराम कथा समापन समारोह में बोले मुख्यमंत्री धामी, उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने का दोहराया संकल्प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

09 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार स्थित प्रेमनगर आश्रम में आयोजित पूज्य मोरारी बापू की श्रीराम कथा के समापन समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि हरिद्वार की पावन भूमि पर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति होती है और मोरारी बापू भगवान श्रीराम के आदर्शों एवं सनातन संस्कृति के सशक्त संवाहक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब दुनिया युद्ध, हिंसा और आतंकवाद जैसी चुनौतियों से जूझ रही है, तब भारत की सनातन संस्कृति का “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक पुनर्जागरण की ओर बढ़ रहा है और उत्तराखंड सरकार राज्य को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने के लक्ष्य पर तेजी से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर तथा प्राचीन मंदिरों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में दो माह के भीतर 45 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं हेमकुंड साहिब यात्रा में डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु और कैलाश मानसरोवर यात्रा में 55 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने आगामी कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के साथ देवभूमि की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्वामी चिदानंद सरस्वती, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, राज्य मंत्री सुनील सैनी, देशराज कर्णवाल, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक संत, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें