बिग न्यूज :- खटीमा में फायरिंग कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, तमंचा और स्कॉर्पियो कार बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

09 जुलाई 2026( सीमांत की आवाज ) खटीमा में फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और स्कॉर्पियो कार भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 5 जुलाई को बरी अंजनिया निवासी चंद्र बदन जोशी ने कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर बताया था कि स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और उनमें से एक ने तमंचे से फायर कर दिया। हालांकि वह बाल-बाल बच गए। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। तहरीर के आधार पर कोतवाली खटीमा में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र शाह के नेतृत्व में कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने लगभग 200 से 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना पर 8 जुलाई को बिस्टी रोड स्थित मेहरबाननगर देवहा पुल के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सर्वजीत सिंह निवासी गढ़ीपट्टी नानकमत्ता, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी कहलो निवासी देवीपुरा बिलासपुर (रामपुर) और सिमरन सिंह निवासी पहाड़पुर बिलासपुर (रामपुर) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा स्कॉर्पियो कार (UK-06-AN-3802) बरामद की है। पुलिस के अनुसार मामले में प्रकाश में आए अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें