10 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज )
खटीमा। एकलव्य आवासीय विद्यालय में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जनजातीय छात्र-छात्राओं का चल रहा प्रदर्शन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया। मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या को पद से हटा दिया गया। कार्रवाई से संतुष्ट छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए अपना धरना समाप्त कर दिया।
धरना समाप्त होने के दौरान मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया। नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और झड़प की स्थिति भी बन गई। घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।
वहीं, पूरे मामले को लेकर नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा के बयानों में भी विरोधाभास देखने को मिला। एक ओर उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा की गई कार्रवाई को उचित बताया, तो दूसरी ओर भाजपा पर कार्रवाई का श्रेय लेने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री की कार्रवाई से संतुष्ट स्कूली बच्चों ने जब उनके समर्थन में नारे लगाए तो विधायक नाराज नजर आए।
घटना के वीडियो सामने आने के बाद खटीमा क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। हालांकि, विद्यालय की प्रधानाचार्या को हटाए जाने की कार्रवाई के बाद जनजातीय छात्र-छात्राओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।










