12 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा। नोजगे पब्लिक स्कूल (हैप्पी मैम), खटीमा के पूर्व छात्र राहुल पोखरिया ने अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं तकनीकी उपलब्धियों से विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के बैच 2015-16, कक्षा 12 के छात्र रहे राहुल पोखरिया ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) तिरुचिरापल्ली, तमिलनाडु से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 8.74 ग्रेड के साथ एम.टेक की डिग्री सफलतापूर्वक पूरी की।
अपनी तकनीकी दक्षता, मेहनत और लगन के बल पर राहुल ने हाल ही में नासा के विक्रम-I लॉन्च टीम में सहभागिता कर देश और विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वर्तमान में राहुल हैदराबाद स्थित स्काईरूट कंपनी में कार्यरत हैं और अपने क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
राहुल की सफलता पर उनके माता-पिता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय द्वारा प्रदान की गई शिक्षा, अनुशासन और मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय से मिले मजबूत शैक्षिक आधार ने राहुल को इस मुकाम तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय की प्रबंध निदेशिका श्रीमती सुरेंद्र कौर (हैप्पी मैम) एवं प्रधानाचार्य श्री हेम चंद्र पंत ने राहुल की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने राहुल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे होनहार विद्यार्थी ही विद्यालय की असली पहचान होते हैं।
विद्यालय परिवार ने राहुल पोखरिया को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।











