14 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज )
छात्रों ने दोहे, कविताएं, भाषण और नाटिका के जरिए हिंदी के महत्व को किया उजागर
खटीमा, 14 सितंबर। सिटी कॉन्वेंट स्कूल में सोमवार को हिंदी दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर को हिंदी के नारों, महान साहित्यकारों के अनमोल वचनों और आकर्षक पोस्टरों से सजाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक प्रवीण उपाध्याय, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर तिलक उपाध्याय, प्राचार्या श्रीमती शुभ्रा सक्सेना और एडमिन ऑफिसर राजेश जी ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।
छात्रों ने कबीर, रहीम और तुलसीदास के दोहों, देशभक्ति कविताओं और भाषणों की प्रस्तुति देकर हिंदी के महत्व को रेखांकित किया। कक्षा 7 और 8 के छात्रों की ‘हिंदी का गौरव’ विषय पर प्रस्तुत नाटिका कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। वहीं छात्रों ने ‘हिंदी है भारत की बिंदी’ और ‘गर्व से कहो हम हिंदी हैं’ जैसे नारों वाले पोस्टरों के माध्यम से हिंदी के प्रति अपना प्रेम व्यक्त किया।
विद्यालय प्रबंधक प्रवीण उपाध्याय ने कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि संस्कार, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का सशक्त माध्यम है। एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर तिलक उपाध्याय ने छात्रों से हिंदी में पठन-पाठन और लेखन की आदत विकसित करने का आह्वान किया। प्राचार्या शुभ्रा सक्सेना ने हिंदी दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी हमें अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़े रखने वाली हृदय की भाषा है।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी ने हिंदी के सम्मान और प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।













