29 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज ) आर्मी/MES में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, दो गिरफ्तार
जनपद चंपावत में आर्मी/MES में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मिलिट्री इंटेलिजेंस बनबसा मुख्यालय लखनऊ (MI Banbasa HQ Lucknow) की सूचना के आधार पर चंपावत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में फर्जी नियुक्ति पत्र, MES की मोहर, स्टांप, पेन, मोबाइल फोन और अन्य फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार पीड़ित गुरु शरण सिंह निवासी टनकपुर, हाल निवासी दाड़ा फार्म सितारगंज की शिकायत पर थाना बनबसा में FIR संख्या 76/2026, धारा 318(4) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि धीरज सक्सेना पुत्र सुभाष चंद्र सक्सेना, निवासी ग्राम भजनपुर, थाना बनबसा ने अपने साथी गणेश बहादुर के साथ मिलकर MES में नौकरी दिलाने के नाम पर पीड़ित से 5 हजार रुपये नकद और करीब 1 लाख 40 हजार रुपये UPI के माध्यम से लिए।
बताया गया कि 28 सितंबर को धीरज सक्सेना ने पीड़ित को फर्जी नियुक्ति पत्र देकर कमल पथ आर्मी एरिया बनबसा के पास बायोमेट्रिक के लिए बुलाया। मौके पर कई अन्य लोग भी मिले, जिन्हें इसी तरह नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर बुलाया गया था। इनमें सोनिया जोशी निवासी भूड़ महोलिया खटीमा, कविता जोशी निवासी राजेंद्र नगर खटीमा, उमेश भारद्वाज निवासी जयपुर राजस्थान और धारा सिंह बैरवा निवासी गंगानगर राजस्थान समेत अन्य लोग शामिल बताए गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चंपावत श्रीमती रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टनकपुर श्रीमती निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में थाना बनबसा और SOG की संयुक्त टीम गठित की गई। विवेचना थानाध्यक्ष बनबसा उपनिरीक्षक विनय मित्तल द्वारा की गई।
संयुक्त पुलिस टीम ने देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी धीरज सक्सेना को उसकी स्कूटी संख्या UK07 AC 3133 के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 35 लोगों के जॉइनिंग लेटर, MES की दो मोहरें, एक पेन और मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं दूसरे आरोपी गणेश बहादुर को 11 लोगों की फाइल, नियुक्ति पत्र, अन्य दस्तावेज, मेडिकल प्रमाण पत्र और मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों से पूछताछ में कई लोगों से MES में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी किए जाने की बात सामने आई है। धीरज सक्सेना के मोबाइल फोन में लाखों रुपये के लेन-देन की जानकारी भी पुलिस को मिली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
धीरज सक्सेना पुत्र सुभाष चंद्र सक्सेना, निवासी ग्राम भजनपुर, थाना बनबसा, जिला चंपावत।
गणेश बहादुर पुत्र लाल बहादुर, निवासी ग्वाल गांव, थाना धारचूला, जिला पिथौरागढ़।
पुलिस टीम:
उपनिरीक्षक विनय मित्तल, थानाध्यक्ष बनबसा
उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, प्रभारी SOG
ADSI धीरेंद्र बिष्ट
हेड कांस्टेबल महेंद्र डंगवाल
हेड कांस्टेबल रविंद्र वर्मन
कांस्टेबल ललित चौधरी
कांस्टेबल मदन सिंह
कांस्टेबल कुलदीप सिंह













