16 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) अल्मोड़ा, 1 उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अल्मोड़ा स्थित प्राचीन वृद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव की विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली के साथ राज्य की निरंतर प्रगति एवं जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में कन्याओं को प्रसाद भी वितरित किया।
हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्ध जागेश्वर धाम देश के प्रमुख एवं प्राचीन शिव धामों में से एक है, जो अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि वृद्ध जागेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं।
इस अवसर पर विधायक मोहन सिंह मेहरा, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, मंदिर समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।










