27 जून 2026 ( सीमांत की आवाज ) चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को जिला सैनिक कल्याण परिषद की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके परिजनों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क, पेयजल, अमर जवान स्मारक के सौंदर्यीकरण सहित लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने छोटी संपर्क सड़कों के एस्टीमेट शीघ्र तैयार करने तथा विभागीय बजट में भूतपूर्व सैनिकों के हितों के लिए विशेष प्रावधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने और जनहित से जुड़े नवाचार व विकास प्रस्ताव प्रशासन को उपलब्ध कराने की अपील की।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने तपनी-पाल मोटर मार्ग की सुरक्षा दीवार, बॉजगांव की पेयजल व्यवस्था, विविल इंटर कॉलेज-नरसों मार्ग की मरम्मत तथा शिलिंगटाक क्षेत्र में जंगली जानवरों से सुरक्षा सहित चार प्रमुख समस्याएं बैठक में उठाईं, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।











