19 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) चंपावत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से पूरा हुआ सुधारीकरण कार्य, सीमांत क्षेत्रों की आवाजाही होगी आसान
टनकपुर-पिथौरागढ़ ऑल वेदर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वर्षों से भूस्खलन और यातायात बाधित होने की समस्या का कारण बने स्वाला डेंजर ज़ोन का स्थायी समाधान हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निरंतर प्रयासों और प्रभावी मॉनिटरिंग के चलते इस संवेदनशील क्षेत्र का सुधारीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके साथ ही अब इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर 24 घंटे निर्बाध रूप से यातायात संचालित होगा और रात में वाहनों पर लगाए जाने वाले प्रतिबंध समाप्त हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने इस परियोजना को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन और कार्यदायी संस्था को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए थे। वर्षों से बरसात के मौसम में भूस्खलन के कारण कई दिनों तक बंद रहने वाला यह मार्ग अब सुरक्षित और सुगम बन गया है, जिससे चम्पावत और पिथौरागढ़ सहित सीमांत क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
वर्ष 2017 में केंद्र सरकार द्वारा ऑल वेदर रोड परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद इस क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार हुआ था, लेकिन स्वाला डेंजर ज़ोन सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ था। मुख्यमंत्री धामी ने इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए लगातार समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बीते एक वर्ष से इस परियोजना की नियमित निगरानी की। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बावजूद जिला प्रशासन तथा कार्यदायी संस्था के समन्वय से यह कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। अब रात 8 बजे के बाद टनकपुर या पिथौरागढ़ की ओर जाने वाले वाहनों को रोके जाने की व्यवस्था भी समाप्त हो जाएगी, जिससे यात्रियों, व्यापारियों और आपातकालीन सेवाओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।
इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों और जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। साथ ही जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की टीम के कार्यों की भी सराहना की गई। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महराना, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।










