18 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून। डोईवाला के कुआंवाला स्थित यूथ फाउंडेशन परिसर में आयोजित ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं और भावी अग्निवीरों ने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद कर अग्निवीर योजना, रोजगार के अवसरों और राज्य सरकार की सुविधाओं से जुड़े कई सवाल पूछे।
मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं के प्रश्नों को गंभीरता से सुनते हुए एक-एक बिंदु पर विस्तार से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य तथा देश सेवा के उनके संकल्प को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सैन्य भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीर योजना युवाओं को अनुशासन, कौशल और राष्ट्रसेवा का अवसर प्रदान करती है। राज्य सरकार भी युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से पहुंचे सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यूथ फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित इस संवाद का उद्देश्य युवाओं की जिज्ञासाओं का समाधान करना और उन्हें देश सेवा के लिए प्रेरित करना रहा।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी योजना या भर्ती प्रक्रिया से संबंधित जानकारी केवल आधिकारिक और प्रामाणिक स्रोतों से ही प्राप्त करें तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से बचें। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखेगी और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।










