बिग न्यूज :- युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत, युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

28 जून 2026 ( सीमांत की आवाज ) रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित “युवा संवाद कार्यक्रम” में प्रदेश के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड का युवा प्रदेश और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, नवाचार तथा प्रतिभा ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं की शिक्षा, कौशल, नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी अनेक ऐतिहासिक पहलें की गई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार और उद्यम के लिए पलायन न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, हाउस ऑफ हिमालयाज, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति, होम-स्टे, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार जैसी योजनाओं से युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्रभावी नीतियों के चलते उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां मिली हैं तथा 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित होने से रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ सीधा संवाद किया और उनके प्रश्नों के उत्तर दिए। युवाओं के सशक्तिकरण, सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों, साइबर सुरक्षा तथा वर्ष 2027 के कुंभ मेले की तैयारियों से जुड़े सवालों का उन्होंने विस्तार से जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ साइबर सेल लगातार निगरानी कर रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के कुंभ मेले को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, घाटों के विस्तार तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित निगरानी व्यवस्था भी लागू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, नवाचार अपनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर युवा के सपनों को साकार करने के लिए उनके साथ मजबूती से खड़ी है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें