न्यूज चंपावत :- चम्पावत में बिजली व्यवस्था होगी और मजबूत, यूपीसीएल एमडी ने विकास कार्यों की समीक्षा की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

11 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) चम्पावत। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने शनिवार को चम्पावत का दौरा कर जिले में विद्युत व्यवस्थाओं और विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सीमांत क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस बैठक में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अमोड़ी और ललुवापानी में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना, ककराली गेट से मां पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट लगाने, दूरस्थ क्षेत्रों के विद्युतीकरण तथा चम्पावत मुख्य बाजार में बिजली की लाइनों को भूमिगत करने जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रबंध निदेशक ने जिलाधिकारी मनीष कुमार से भी मुलाकात कर प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की। जिलाधिकारी ने अमोड़ी और ललुवापानी में बनने वाले विद्युत उपकेंद्रों के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
यूपीसीएल एमडी ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री घोषणा के तहत ककराली गेट से मां पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य 30 अक्टूबर से पहले पूरा करने का लक्ष्य तय किया।
पी.सी. ध्यानी ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप उपभोक्ताओं को विश्वसनीय, सुरक्षित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना यूपीसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र की विद्युत समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर अपने सुझाव रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें