बिग न्यूज : आइसर मोहाली में भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला सहायकों का प्रशिक्षण, खटीमा महाविद्यालय से अचल कुमार वर्मा नामित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

10 मार्च 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा। उच्च शिक्षा विभाग उत्तराखंड के तत्वावधान में भौतिक विज्ञान विषय के प्रयोगशाला सहायकों के लिए पंजाब स्थित आइसर मोहाली में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 8 मार्च से 14 मार्च 2026 तक चलेगा, जिसमें उत्तराखंड के विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों से कुल 59 प्रयोगशाला सहायक प्रतिभाग कर रहे हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य महाविद्यालयों की भौतिक विज्ञान प्रयोगशालाओं को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक उपकरणों के उपयोग से सुदृढ़ बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा प्रयोगशाला प्रबंधन, नवीन वैज्ञानिक उपकरणों के संचालन तथा विद्यार्थियों को प्रभावी प्रयोगात्मक शिक्षा प्रदान करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
खटीमा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में खटीमा महाविद्यालय से अचल कुमार वर्मा को निदेशालय स्तर से प्रतिभाग के लिए नामित किया गया है। उनके चयन से महाविद्यालय की भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला के कार्यों को आधुनिक दृष्टिकोण के साथ और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।
उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से प्रयोगशाला सहायकों की तकनीकी दक्षता में वृद्धि होगी और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर प्रयोगात्मक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागी अपने-अपने संस्थानों में प्रयोगशाला कार्यों की गुणवत्ता और वैज्ञानिक प्रयोगों के स्तर को और अधिक उन्नत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें