बिग न्यूज :- पंतनगर पुलिस का बड़ा खुलासा: 48 घंटे में बाइक चोर गैंग गिरफ्तार, 7 दोपहिया वाहन बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

14 मई 2026 ( सीमांत की आवाज ) जनपद ऊधम सिंह नगर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पंतनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर बाइक चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 6 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी सहित कुल 7 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार कोतवाली पंतनगर में दर्ज बाइक चोरी के मामलों के खुलासे और चोरी हुए वाहनों की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। इसी क्रम में 13 मई 2026 की रात पुलिस टीम ने सिडकुल सिटी पार्क के बाहर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोला सरकार पुत्र तपन सरकार निवासी ठाकुरनगर वार्ड नंबर-10 थाना ट्रांजिट कैंप तथा विक्की विश्वास पुत्र विष्णु विश्वास निवासी वार्ड नंबर-11 खेड़ा थाना रुद्रपुर के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों की उम्र 22 वर्ष बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने जल्दी पैसा कमाने के लालच में मेट्रोपोलिस मॉल, जिला चिकित्सालय रुद्रपुर और अन्य सार्वजनिक स्थानों से दोपहिया वाहन चोरी किए। हालांकि वाहनों के कागजात नहीं होने के कारण वे उन्हें बेच नहीं पाए।
पुलिस के मुताबिक आरोपी भोला सरकार मेडिसिटी हॉस्पिटल से रेडियोलॉजी में ग्रेजुएशन कर रहा है, जबकि विक्की विश्वास चीमा पैथोलॉजी लैब रुद्रपुर में कार्यरत है।
बरामद वाहनों में होंडा एक्टिवा स्कूटी, होंडा शाइन, हीरो एचएफ डीलक्स, होंडा ड्रीम नियो और हीरो स्प्लेंडर समेत कुल 7 वाहन शामिल हैं। इनमें से दो वाहन पंतनगर कोतवाली में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित पाए गए हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हेमंत कठैत, उपनिरीक्षक अनिल सिंह मेहता, उपनिरीक्षक पंकज सिंह मेहर, हेड कांस्टेबल हरीश सिंह बिष्ट और कांस्टेबल नितिन कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें