22 मई 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा/नैनीताल। नैनीताल जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने खटीमा क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया। भवाली-रातीघाट मार्ग पर ढेला गांव के पास एक कार के गहरी खाई में गिरने से खटीमा निवासी एक ही परिवार के चार लोगों समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे टनकपुर रोड अमाऊ क्षेत्र में मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार यूपी 32 क्यू 1874 नंबर की कार भवाली से रातीघाट की ओर जा रही थी। इसी दौरान ढेला गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना घने जंगल क्षेत्र में होने के कारण काफी देर तक किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में स्थानीय लोगों ने खाई में गिरी कार को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। दुर्गम रास्ता और गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा। कड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पांचों की मौत हो चुकी थी।
हादसे में मृतकों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल (48 वर्ष), उनकी पत्नी सीमा कैड़ा चुफाल (45 वर्ष), पुत्र वासु चुफाल (19 वर्ष), पुत्री रवी चुफाल (12 वर्ष), निवासी टनकपुर रोड अमाऊ खटीमा तथा वाहन चालक अनुज कुमार मिश्रा (34 वर्ष), निवासी आलमनगर लखनऊ के रूप में हुई है।
शवों के खटीमा पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और स्थानीय लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से हर आंख नम दिखाई दी।
उत्तराखंड के उपनेता प्रतिपक्ष एवं स्थानीय विधायक भुवन कापड़ी ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।








