Home » राष्ट्रीय » बिग न्यूज :- ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने सोशल मीडिया पर मचाया तहलका, 6 दिनों में 1.71 करोड़ फॉलोअर्स

बिग न्यूज :- ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने सोशल मीडिया पर मचाया तहलका, 6 दिनों में 1.71 करोड़ फॉलोअर्स

22 मई 2026 ( सीमांत की आवाज ) सोशल मीडिया पर मजाक के तौर पर शुरू हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अब युवाओं के बीच बड़ा ट्रेंड बन चुकी है। महज 6 दिनों में इंस्टाग्राम पर इस पेज के 1.71 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए हैं, जो कई बड़ी राजनीतिक पार्टियों के आधिकारिक अकाउंट्स से भी ज्यादा बताए जा रहे हैं। खास बात यह है कि कई फिल्मी और टीवी सेलिब्रिटीज भी इस पेज को फॉलो कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद 15 मई को उस समय शुरू हुआ जब मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत ने बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की। हालांकि अगले दिन उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी फर्जी डिग्री लेकर पेशों में घुस आए लोगों के संदर्भ में थी।
इसी विवाद के बाद महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर निवासी अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट करते हुए सवाल उठाया कि अगर सारे “कॉकरोच” एकजुट हो जाएं तो क्या होगा। युवाओं खासकर Gen Z से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिलने के बाद 16 मई को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के इंस्टाग्राम और X अकाउंट शुरू कर दिए गए।
सोशल मीडिया पर तेजी से बढ़ा प्रभाव
इंस्टाग्राम पर CJP के 1.71 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं, जबकि X पर करीब 1.99 लाख लोग जुड़ चुके हैं। तुलना करें तो भारतीय जनता पार्टी के इंस्टाग्राम पर करीब 87 लाख और कांग्रेस के लगभग 1.33 करोड़ फॉलोअर्स हैं।
इस पेज को फॉलो करने वालों में दीया मिर्जा, कोंकणा सेन शर्मा, अनुराग कश्यप, फातिमा सना शेख, ईशा गुप्ता, उर्फी जावेद और कुणाल कामरा समेत कई नाम शामिल हैं।
पार्टी का अनोखा नारा
CJP का नारा है — “सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी”। सदस्यता के लिए मजाकिया अंदाज में चार योग्यताएं बताई गई हैं —
बेरोजगार होना
आलसी होना
ऑनलाइन रहने की लत
प्रोफेशनली भड़ास निकालने की क्षमता
मेनिफेस्टो में उठाए बड़े मुद्दे
पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने व्यंग्यात्मक अंदाज में घोषणापत्र भी जारी किया है। इसमें न्यायपालिका और राजनीति से जुड़े कई मुद्दे उठाए गए हैं। इनमें जजों को रिटायरमेंट के बाद राज्यसभा न भेजने, महिलाओं को संसद और कैबिनेट में 50 प्रतिशत आरक्षण देने, दलबदल करने वालों पर 20 साल की रोक लगाने और स्वतंत्र मीडिया को बढ़ावा देने जैसी बातें शामिल हैं।

अभिजीत दीपके फिलहाल बोस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशंस में मास्टर्स कर रहे हैं। वे पहले आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम में वॉलंटियर के तौर पर भी काम कर चुके हैं। उनका कहना है कि युवा अब पारंपरिक राजनीति से परेशान हो चुका है और मीम्स व सोशल मीडिया के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर कर रहा है।
फिलहाल ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ कोई आधिकारिक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया आंदोलन है। हालांकि इसकी तेजी से बढ़ती लोकप्रियता यह जरूर दिखाती है कि देश का युवा रोजगार, शिक्षा और व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखना चाहता है।

RELATED LATEST NEWS