बिग न्यूज :- खटीमा में फिर सिर उठा रही अवैध सूदखोरी! सत्ता की आड़ और व्यापारी का मुखौटा लगाकर गरीबों का हो रहा आर्थिक शोषण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

30 मई 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा क्षेत्र में एक बार फिर अवैध सूदखोरी का कारोबार चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोप है कि कुछ लोग सत्ता की आड़ और वरिष्ठ व्यापारी का मुखौटा लगाकर मजबूर एवं जरूरतमंद लोगों को ऊंचे ब्याज पर नगदी उपलब्ध करा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सूदखोर पहले उधार लेने वालों से बैंक के हस्ताक्षरित चेक, स्टांप अथवा अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में लेते हैं और बाद में भारी ब्याज की वसूली करते हैं।
बताया जा रहा है कि कई मामलों में मूल धन से कई गुना अधिक रकम वसूलने के बाद भी पीड़ितों का पीछा नहीं छोड़ा जाता। आरोप है कि चेक और दस्तावेजों के आधार पर न्यायालयी कार्रवाई का भय दिखाकर अतिरिक्त धनराशि की मांग की जाती है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इस दबाव के कारण मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में क्षेत्र में अवैध सूदखोरी के कारण कई परिवार बर्बाद हुए और कुछ लोगों ने आत्महत्या जैसे कदम भी उठाए थे। इसके बाद राज्य सरकार ने अवैध सूदखोरी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया था, लेकिन क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि आज भी अनेक परिवार सूदखोरों के चंगुल से बाहर नहीं निकल पाए हैं।
जनता का कहना है कि यदि प्रशासन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं करता है तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से अवैध रूप से ब्याज पर धन देने वालों की जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक शोषण से बचाया जा सके।

“अवैध सूदखोरी करने वालों की निष्पक्ष जांच हो, पीड़ितों को राहत मिले और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें