12 जून 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह क्षेत्र नगरा तराई में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित भव्य मां पूर्णागिरी मंदिर का नवनिर्वाचित दर्जा राज्य मंत्री किशन सिंह किन्ना ने विभागीय अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर निर्माण कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के अधीक्षण अभियंता हितेश कुमार, शंकर धामी, भाजपा मंडल महामंत्री भुवन भट्ट सहित क्षेत्र के दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद रहे।
दर्जा राज्य मंत्री किशन सिंह किन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विकास और धर्म-संस्कृति के संरक्षण के लिए पूरे प्रदेश में विशेष पहचान रखते हैं। नगरा तराई में निर्मित मां पूर्णागिरी मंदिर इसका भव्य उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मंदिर का स्वरूप अत्यंत आकर्षक और श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनने जा रहा है।
किन्ना ने बताया कि उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से मां पूर्णागिरी धाम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अब खटीमा क्षेत्र में भी इस भव्य मंदिर के दर्शन करने का अवसर मिलेगा, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह मंदिर क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।







