बिग न्यूज :- कारगिल विजय दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि 2 करोड़ करने की घोषणा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

26 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून। कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कारगिल शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया और परमवीर चक्र से सम्मानित वीरों के लिए अनुग्रह राशि को डेढ़ करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये किए जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है। उन्होंने बताया कि कारगिल युद्ध में देश के 527 वीर सैनिकों ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनमें उत्तराखंड के 75 वीर सपूत शामिल थे। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि बताते हुए कहा कि यहां की सैन्य परंपरा पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शहीदों के आश्रितों के लिए अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की जा चुकी है। साथ ही बलिदानी परिवारों के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, वीरता पुरस्कार विजेताओं को सम्मान राशि, निःशुल्क बस यात्रा, स्टाम्प शुल्क में छूट और पूर्व सैनिकों के लंबित भूमि विवादों के शीघ्र निस्तारण जैसे कई निर्णय लिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि देहरादून के गुनियाल गांव में राज्य के पांचवें धाम के रूप में सैन्य धाम का निर्माण अंतिम चरण में है। इसके अलावा सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए देश का पहला ‘अग्निवीर रोजगार सेल’ गठित किया जा रहा है तथा उन्हें पुलिस, वन विभाग सहित अन्य राज्य सेवाओं में प्राथमिकता देने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने भी कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और शहीद परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पूर्व सैनिक और शहीदों के परिजन भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें