27 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा नगर पालिका क्षेत्र में मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से नगर के कई वार्डों में जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। पानी नहीं आने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार क्षेत्र में सड़क खोदकर जल संस्थान की टीम पाइपलाइन की मरम्मत में जुटी हुई है, जिससे यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से नलों में पानी नहीं आया, जिससे घरेलू कार्य प्रभावित हो गए हैं। लोगों ने जल संस्थान से प्रभावित वार्डों में तत्काल पानी के टैंकर भेजने की मांग करते हुए कहा कि “हर घर जल” योजना का लाभ धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है।
वहीं, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता ने बताया कि नगर के बीचों-बीच मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण जलापूर्ति बाधित हुई है। मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है और जल्द ही पाइपलाइन दुरुस्त कर जलापूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। फिलहाल विभाग लोगों से सहयोग की अपील कर रहा है।











