27 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला महोत्सव पखवाड़े के तहत खटीमा के ग्राम पंचायत भवन बंडिया में सेवा संकल्प फाउंडेशन की ट्रस्टी श्रीमती गीता धामी के निर्देशन में वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा सैकड़ों लोगों को निःशुल्क पौधे वितरित किए गए।
वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए गीता धामी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण मिलेगा।
ग्राम प्रधान सोमनाथ मौर्य ने इस पहल के लिए सेवा संकल्प फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया और सभी ग्रामीणों से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी सुरक्षा का संकल्प लेने की अपील की। कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के डॉ. अजय प्रभाकर ने फाउंडेशन द्वारा समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य सतीश राणा, उप प्रधान अमित चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ‘रिंकू’ सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पौधों की देखभाल कर उन्हें पूर्ण विकसित करने का संकल्प लिया











