28 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उत्तराखण्ड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 के तहत आयोजित कार्यक्रम में 6 प्राथमिक लाभार्थियों को पूंजीगत अनुदान एवं प्रोत्साहन राशि के सब्सिडी चेक वितरित किए। वहीं 5 अन्य लाभार्थियों की सब्सिडी एवं स्वीकृति प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 11 स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वच्छ, आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस नीति से शहरी क्षेत्रों में सीएनजी एवं अन्य स्वच्छ ईंधन आधारित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे डीजल वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन लगातार बढ़ाया जा रहा है तथा प्रदेशभर में ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही रोप-वे और आधुनिक शहरी परिवहन प्रणाली के विकास पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को हरित विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। पीएम सूर्य घर योजना के तहत 40 हजार रूफटॉप सोलर संयंत्रों का प्रारंभिक लक्ष्य समय से पहले पूरा कर लिया गया है और कुल लक्ष्य का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, परिवहन सचिव रविनाथ रमन सहित परिवहन विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











