04 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज )
हरिद्वार में शिवभक्त कांवड़ियों पर हुई पुष्पवर्षा, मुख्यमंत्री धामी ने किया चरण प्रक्षालन और भोजन परोसा
स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ, पुलिसकर्मियों और पर्यावरण मित्रों को सम्मानित कर सेवा भावना को किया नमन
हरिद्वार, 4 अगस्त। धर्मनगरी हरिद्वार में मंगलवार को कांवड़ यात्रा के दौरान आस्था, सेवा और सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखंड ने देशभर से आए शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा, चरण प्रक्षालन और भोजन परोसकर अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री के हरिद्वार पहुंचने पर हरकी पैड़ी और कांवड़ यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई। अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पांच शिवभक्त कांवड़ियों का चरण प्रक्षालन कर उनका सम्मान किया। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ करते हुए वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं को त्वरित उपचार व आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री धामी ने शिवभक्तों के बीच पहुंचकर अपने हाथों से भोजन भी परोसा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार का संकल्प है कि देवभूमि आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक वातावरण मिले। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का विराट पर्व है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का तेजी से विकास हो रहा है और केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण सहित अनेक परियोजनाओं ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दी है।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सहायता की व्यापक व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से अनुशासन और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करने की भी अपील की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पांच पुलिसकर्मियों और पांच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, स्वच्छता कर्मियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सभी कर्मयोगियों की सराहना करते हुए कहा कि इनके सामूहिक प्रयासों से ही कांवड़ यात्रा का सफल संचालन संभव हो रहा है।
इस अवसर पर संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए उपस्थित रहे।










