09 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) : चम्पावत में आपदा प्रबंधन, आयुष एवं पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक
चम्पावत। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक की अध्यक्षता में जिला सभागार में आपदा प्रबंधन, आयुष एवं पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मंत्री ने अधिकारियों को आपदा की स्थिति में त्वरित राहत पहुंचाने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में आपदा कंट्रोल रूम, हेलीपैड, मॉक ड्रिल, पूर्व चेतावनी प्रणाली और ‘सचेत’ व ‘भूदेव’ एप के प्रभावी उपयोग की समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि प्रभावित लोगों तक समय पर राहत पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
आयुष विभाग की समीक्षा के दौरान दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, चिकित्सालयों में पर्याप्त स्टाफ और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं किराए के भवनों में संचालित आयुष अस्पतालों के लिए भूमि चिन्हित कर भवन निर्माण की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया।
पंचायती राज विभाग की समीक्षा में ग्रामीण विकास कार्यों, स्वच्छ भारत मिशन और डिजिटल पंचायत सेवाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। मंत्री ने विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली समेत भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।










