बिग न्यूज :- हर घर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए सीएम धामी, बोले—तिरंगा देश के स्वाभिमान का प्रतीक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

09 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांधी पार्क, देहरादून में आयोजित ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को सदैव प्रज्वलित रखने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्व. इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वह गांधी पार्क से घंटाघर तक हजारों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र गौरव का उत्सव है और तिरंगा करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए। राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि उत्तराखंड के कण-कण में बसी है।
भारत आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा : धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है। मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के माध्यम से देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया को विभिन्न क्षेत्रों में नई दिशा दिखा रहा है।
उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने अपनी सैन्य ताकत का परिचय दिया है। रक्षा क्षेत्र में भारत निर्यातक देश के रूप में आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड को उन्होंने ‘देवभूमि के साथ वीरभूमि’ बताते हुए कहा कि प्रदेश की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं।
विकास के साथ मूल स्वरूप की रक्षा का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ उत्तराखंड भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ 30 से अधिक क्षेत्रों में विशिष्ट नीतियों के माध्यम से विकास का रोडमैप तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 1750 से अधिक पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री के अनुसार रिवर्स पलायन में भी 44 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है।
धामी ने कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप के साथ किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और समान नागरिक संहिता लागू किए जाने का भी उल्लेख किया।
34 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में करीब 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को बिना धांधली के सरकारी नौकरी मिलने का दावा उन्होंने किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि ‘नौकरी देने वाला’ बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति समेत विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ा जा रहा है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल सहित भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें