बिग न्यूज :- खटीमा में दो शव मिलने के बाद हंगामा, पुलिस के निर्देशों की अवहेलना पर 11 गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

09 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) भारत नेपाल सीमा से सटे खटीमा के खेतलसंडा खाम रेलवे स्टेशन के पुराने फाटक के पास मिले थे दो शव, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने की कार्रवाई

खटीमा। खेतलसंडा खाम रेलवे स्टेशन के पुराने फाटक के पास दो शव मिलने के बाद मौके पर पुलिस के साथ विरोध और पुलिस के विधिपूर्ण निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप में खटीमा पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई धारा 172(1) BNSS के तहत की है।
पुलिस के अनुसार, डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि पुराने रेलवे फाटक के पास दो लोग बेहोशी की हालत में पड़े हैं। सूचना पर थाना खटीमा की चीता मोबाइल मौके पर पहुंची, जहां रेलवे पटरी के पास दो शव मिले। पुलिस के मुताबिक, दोनों शवों पर प्रथम दृष्टया किसी प्रकार के जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी खटीमा, प्रभारी निरीक्षक, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों की शिनाख्त एवं घटना के संबंध में जानकारी जुटाने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान पुलिस के अनुसार मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया।
पुलिस अधिकारियों ने मौके की कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों को विधिपूर्ण निर्देश दिए और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। आरोप है कि निर्देशों के बावजूद कुछ लोगों ने जानबूझकर उनका पालन नहीं किया और पुलिस कार्रवाई का विरोध जारी रखा। इसके बाद पुलिस ने रात करीब 12:30 बजे 9 अगस्त 2026 को 11 लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में निहाल सैनी उर्फ चिकू (20), दीपक सिंह बिष्ट (40), कपिल सक्सेना (21), ओमप्रकाश (54), मुकेश सक्सेना (46), रवि शर्मा (30), ललित सिंह (42), सुशीला देवी (50), किरन सैनी (45), आरती देवी (53) और शान्ति देवी (55) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा एवं झनकईया थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि मौके की स्थिति को नियंत्रित कर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखी गई। गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को आवश्यकतानुसार सक्षम मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही पुलिस ने लोगों को भविष्य में कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने और पुलिस के विधिपूर्ण निर्देशों का पालन करने के लिए सचेत किया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में क्षेत्राधिकारी खटीमा नीरज सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक विजेन्द्र साह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक के.सी. आर्या, उपनिरीक्षक जीवन चुफाल, उपनिरीक्षक वेदपाल सिंह सहित पुलिसकर्मी विजय रावत, उमेश जोशी, कमल पाल, महिला कांस्टेबल विद्या रानी और महिला कांस्टेबल शान्ति गिरी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें