बिग न्यूज :- घाट-पनार मार्ग पर वाहन पर गिरा बोल्डर, दो घायल अस्पताल भेजे गए; तीन के रेस्क्यू के लिए अभियान जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

07 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज ) चम्पावत,  घाट-पनार मोटर मार्ग पर सोमवार को एक वाहन के ऊपर अचानक पहाड़ी से बोल्डर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। वाहन संख्या UK05TA2878 में कुल पांच लोग सवार बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस, राजस्व विभाग, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं। राहत एवं बचाव दल ने अभियान चलाकर दो घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेज दिया है, जबकि वाहन में बताए जा रहे अन्य तीन लोगों के रेस्क्यू के लिए अभियान लगातार जारी है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर उप जिलाधिकारी नीतू डागर मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रही हैं। प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर रेस्क्यू अभियान को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है।
एसीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से दो एम्बुलेंस मौके पर भेजी गई हैं, ताकि घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भी घटनास्थल की स्थिति और राहत-बचाव अभियान की लगातार जानकारी ले रहे हैं। प्रशासन ने मौके पर मौजूद टीमों को सुरक्षित एवं त्वरित रेस्क्यू के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। फिलहाल प्रशासन की नजर रेस्क्यू अभियान और घायलों के उपचार की व्यवस्था पर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें