13 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज )
मंदिर में महिला से अभद्रता और जातिसूचक शब्द बोलने का आरोप
खटीमा/ऊधम सिंह नगर। खटीमा क्षेत्र के ग्राम खेलड़िया में मंदिर में नई टीनशेड लगवाने के बाद फर्श निर्माण के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। मामले में रामदरस पुत्र मैनाप्रसाद निवासी ग्राम खेलड़िया ने थाना झनकईया में तहरीर देकर दो लोगों के खिलाफ मारपीट, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
तहरीर के अनुसार घटना 26 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11 बजे की है। शिकायतकर्ता की पत्नी इन्द्र देवी मंदिर में फर्श का निर्माण कार्य करवा रही थीं। इसी दौरान राजेश यादव और उनके पिता श्री यादव वहां पहुंचे और शिकायतकर्ता तथा उसकी पत्नी के साथ कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों ने उसके साथ मारपीट की और मुंह पर थप्पड़ भी मारे। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी को धमकी देते हुए कहा कि वे मंदिर में प्रवेश नहीं कर सकते और दोबारा मंदिर आने पर जान से खत्म करने की धमकी दी।
तहरीर में शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना के बाद से वह और उसकी पत्नी डरे हुए हैं और उन्हें जान-माल का खतरा बना हुआ है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।













