बिग न्यूज :- मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन में गूंजा विकसित उत्तराखंड का संकल्प, 2.67 लाख विद्यार्थियों ने साझा किए सपने और सुझाव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

13 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून/श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर स्थित प्रेक्षागृह में ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर से जुड़े विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनके सपनों, विचारों और विकसित उत्तराखंड को लेकर सुझाव सुने।


मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा ही देश और प्रदेश के भविष्य के निर्माता हैं। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला है और प्रदेशभर से 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध एवं विचार भेजे हैं।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने पलायन, रोजगार, खेती, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और रोजगार के लिए बाहर जाना हमेशा नकारात्मक नहीं है, लेकिन पहाड़ों में रोजगार और अवसर बढ़ाकर स्थानीय स्तर पर युवाओं को बेहतर विकल्प उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे केवल नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनने का लक्ष्य रखें। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 500 से अधिक स्मार्ट क्लास संचालित हैं और रिवर्स माइग्रेशन भी हो रहा है।
विद्यार्थियों ने गांवों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, हेलीकॉप्टर एंबुलेंस, कौशल विकास प्रशिक्षण, पर्यटन को स्थानीय रोजगार से जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के सभी सुझावों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और विकसित भारत के साथ विकसित उत्तराखंड के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाला उत्तराखंड युवाओं के सपनों का उत्तराखंड होगा।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के साथ जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें