बिग न्यूज :- पंजाबी समाज की सेवा, साहस और राष्ट्रभक्ति भारत की शक्ति का प्रतीक: मुख्यमंत्री धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

10 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज )

रुद्रपुर में पंजाबी गौरव सम्मेलन में सीएम धामी ने सिख समाज के राष्ट्र निर्माण और तराई के विकास में योगदान को सराहा


रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को रुद्रपुर के एक निजी होटल में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर मुख्यमंत्री का “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” के जयकारों के साथ स्वागत किया गया। सिख समाज की ओर से मुख्यमंत्री को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पंजाबी समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति, संस्कार, साहस, सेवा और राष्ट्रभक्ति भारत की शक्ति का प्रतीक है। सिख गुरुओं का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, मानवता की सेवा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि देश की रक्षा से लेकर कृषि, उद्योग, व्यापार और आपदा के समय सेवा कार्यों तक पंजाबी एवं सिख समाज का योगदान अनुकरणीय रहा है। तराई क्षेत्र को बसाने और विकसित करने तथा यहां की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी पंजाबी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख समाज की आस्था और गौरवशाली परंपराओं को सम्मान देने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने करतारपुर साहिब कॉरिडोर, वीर बाल दिवस सहित विभिन्न पहलों का उल्लेख किया।
हेमकुंड साहिब रोपवे का काम आगे बढ़ा
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक करीब 12.5 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण की दिशा में कार्य आगे बढ़ चुका है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और श्रद्धालुओं के लिए हेमकुंड साहिब की यात्रा आसान होगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति स्थल’ के निर्माण की दिशा में भी कार्य कर रही है। सरकार कानून-व्यवस्था और सामाजिक समरसता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि सिख समाज ने राष्ट्र निर्माण में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है और विकसित भारत के निर्माण में भी समाज की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य सामूहिक प्रयासों से पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक शिव अरोड़ा, अरविंद पांडे, त्रिलोक चीमा, राम सिंह कैड़ा, मेयर विकास शर्मा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें