बिग न्यूज:- मुख्यमंत्री धामी के गृह क्षेत्र खटीमा में वन भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा एक्शन, 10 एकड़ जमीन खाली कराने की कार्रवाई शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

5 जून 2025 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह क्षेत्र खटीमा में वन विभाग ने वर्षों से चले आ रहे वन भूमि अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। खटीमा स्थित एक फाइबर फैक्ट्री द्वारा कथित रूप से वन विभाग की करीब 10 एकड़ भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए विभागीय अधिकारियों, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने राजस्व अभिलेखों और विभागीय रिकॉर्ड के आधार पर भूमि का सीमांकन करते हुए अतिक्रमित क्षेत्र को चिन्हित किया और उसे खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान फैक्ट्री के प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
वन विभाग के अनुसार संबंधित भूमि वन विभाग के स्वामित्व में दर्ज है और लंबे समय से इस पर अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद विभाग ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की है।
अधिकारियों का कहना है कि सरकारी और वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम पूरी तरह मुस्तैद रही।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई को अतिक्रमण के खिलाफ सरकार की सख्त नीति के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें