बिग न्यूज :- चारधाम और हेमकुंट यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई : मुख्यमंत्री धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

23 जून 2026 ( सीमांत की आवाज ) हरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि चारधाम एवं हेमकुंट साहिब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। मंगलवार को सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुचारु एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में आने वाले सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों का हार्दिक स्वागत है। उन्होंने लोगों से प्रदेश के शांत और आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लेने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
मुख्यमंत्री धामी ने कर्णप्रयाग और नगरासू में हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रशासन और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर निष्पक्ष जांच कर रहे हैं। अब तक जिन लोगों की भूमिका सामने आई है, उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई है और जांच के आधार पर आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि हेमकुंट साहिब यात्रा के शुरुआती चरण में ही श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 25 हजार अधिक दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में स्थित हेमकुंट साहिब, रीठा साहिब और नानकमत्ता साहिब जैसे पवित्र धार्मिक स्थलों पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और राज्य की संस्कृति सभी धर्मों एवं आस्थाओं के सम्मान की रही है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सूचनाएं प्रसारित करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि समाज में वैमनस्य फैलाने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसी भी ऐसे कृत्य को स्वीकार नहीं करेगी जिससे किसी व्यक्ति की गरिमा, किसी धर्म या आस्था को ठेस पहुंचे। संवाद, सद्भाव और सामाजिक सौहार्द के माध्यम से ही समस्याओं का समाधान संभव है और सभी को मिलकर उत्तराखण्ड की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें