Home » राष्ट्रीय » बिग न्यूज : राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन में बढ़ोतरी, शहीद परिजनों का हुआ सम्मान मुख्यमंत्री धामी ने राज्य स्थापना रजत जयंती वर्ष पर की बड़ी घोषणाएँ

बिग न्यूज : राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन में बढ़ोतरी, शहीद परिजनों का हुआ सम्मान मुख्यमंत्री धामी ने राज्य स्थापना रजत जयंती वर्ष पर की बड़ी घोषणाएँ

 ८ नवंबर २०२५ ,( सीमांत की आवाज )

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित शहीद स्थल कचहरी परिसर में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत पुलिस लाइन में आयोजित राज्य आंदोलनकारी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर कचहरी परिसर व पुलिस लाइन में शहीदों के सम्मान में हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण केवल राजनीतिक निर्णय नहीं, बल्कि देवभूमि के लाखों लोगों के संघर्ष, बलिदान और तप का परिणाम है। खटीमा, मसूरी और रामपुर तिराहा जैसी दर्दनाक घटनाएँ राज्य के इतिहास के अमर अध्याय हैं। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के योगदान को सदैव सम्मानपूर्वक याद रखा जाएगा और उनकी भावना को हर नीति व निर्णय में स्थान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में उन्होंने आंदोलनकारियों व उनके आश्रितों की पेंशन बढ़ाने सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं।

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएँ —
1️⃣ शहीद राज्य आंदोलनकारियों के नाम पर उनके क्षेत्र की प्रमुख अवस्थापना सुविधाओं का नामकरण किया जाएगा।
2️⃣ राज्य आंदोलन के दौरान 7 दिन जेल गए अथवा घायल हुए आंदोलनकारियों की पेंशन ₹6000 से बढ़ाकर ₹7000 प्रतिमाह की जाएगी।
3️⃣ अन्य श्रेणी के राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन ₹4500 से बढ़ाकर ₹5500 प्रतिमाह की जाएगी।
4️⃣ राज्य आंदोलन के दौरान विकलांग होकर पूर्णतः शय्याग्रस्त हुए आंदोलनकारियों की पेंशन ₹20,000 से बढ़ाकर ₹30,000 प्रतिमाह की जाएगी, साथ ही उनकी देखभाल के लिए मेडिकल अटेंडेंट की व्यवस्था होगी।
5️⃣ शहीद राज्य आंदोलनकारियों के आश्रितों की पेंशन ₹3000 से बढ़ाकर ₹5500 प्रतिमाह की जाएगी।
6️⃣ वर्ष 2021 तक प्राप्त लंबित चिन्हीकरण आवेदन पत्रों के निस्तारण के लिए छह माह का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
7️⃣ सभी शहीद स्मारकों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अपील की कि राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासी अपने घरों में पाँच दीपक राज्य आंदोलनकारियों की स्मृति में जलाएँ। उन्होंने कहा कि “उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में राज्य आंदोलन की भावना ही हमारी प्रेरणा है।”

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, खजानदास, उमेश शर्मा ‘काऊ’, विधायक सविता कपूर, राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष सुभाष बड़थ्वाल, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह समेत बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे।

RELATED LATEST NEWS

Latest News

Big news / उधम सिंह नगर में धान खरीद पर करोड़ों का घोटाला उजागर, फर्जी गेट पास और कागजी खरीद के खेल की होगी हाईलेवल जांच

07 दिसंबर 2025 ( सीमांत की आवाज ) खबर सूत्रों के हवाले से धान खरीद में बड़ा घोटाला शामिल घोटाले