Home » राष्ट्रीय » बिग न्यूज : टनकपुर गांधी मैदान में बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता शिविर, सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति एन. कोटिस्वर सिंह बोले—उत्तराखंड वीरभूमि, हर परिवार में दो योद्धा

बिग न्यूज : टनकपुर गांधी मैदान में बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता शिविर, सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति एन. कोटिस्वर सिंह बोले—उत्तराखंड वीरभूमि, हर परिवार में दो योद्धा

22 दिसंबर 2025 ( सीमांत की आवाज )

 चम्पावत / टनकपुर / विधिक साक्षरता शिविर

टनकपुर स्थित गांधी मैदान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत एवं ऊधमसिंह नगर के संयुक्त तत्वावधान में बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य वंचित, पिछड़े, जनजातीय वर्ग, पूर्व सैनिकों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को उनके संवैधानिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय न्यायमूर्ति एन. कोटिस्वर सिंह (सर्वोच्च न्यायालय) तथा विशिष्ट अतिथि माननीय न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी (कार्यकारी अध्यक्ष, उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण) रहे। जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष डीएलएसए चम्पावत श्री अनुज कुमार सांगल ने स्वागत संबोधन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।
मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति एन. कोटिस्वर सिंह ने संविधान की प्रस्तावना का उल्लेख करते हुए कहा कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व तभी सार्थक होंगे जब हर वर्ग अपने अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है, जहां लगभग हर परिवार में दो योद्धा होते हैं—एक सीमा पर तैनात सैनिक और दूसरा घर में संघर्ष करती महिला। भूतपूर्व सैनिकों को प्राथमिकता देने के लिए विशेष प्रयासों पर भी बल दिया।
कार्यक्रम में वीर नारियों, युद्ध पुरस्कार प्राप्त सैनिकों व भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। जनजातीय समाज की समस्याओं पर संवाद हुआ तथा थारू-बोक्सा समुदाय की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। नशा उन्मूलन पर आधारित प्रस्तुति से सामाजिक संदेश दिया गया। दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर व सहायक उपकरण वितरित किए गए।
यूकेएसएलएसए के सदस्य सचिव श्री प्रदीप कुमार मणि ने लोक अदालत, मध्यस्थता, निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं और ‘न्याय मित्र ऐप’ की जानकारी दी। उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों ने न्याय को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
समापन पर विभिन्न प्रतिभागियों व लाभार्थियों को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित न्यायिक-प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

RELATED LATEST NEWS