बिग न्यूज :- खटीमा में चोरों का आतंक: आधी रात तीन दुकानों में सेंध, लाखों की नकदी पार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

19 मई 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा। शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। सोमवार देर रात बाजार चौकी से कुछ ही दूरी पर चोरों ने तीन दुकानों में सेंध लगाकर लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
चोरों ने मेलाघाट रोड स्थित पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष गौरी शंकर की मोबाइल कम्युनिकेशन दुकान को भी निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोर दुकान के पीछे लगे विद्युत विभाग के वायरलेस टावर के सहारे छत पर पहुंचे और जीने की ममटी के दरवाजे की कुंडी बीम सहित काटकर अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने गल्ले में रखे करीब सात लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली।
इसी रोड पर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में भी चोर पीछे की दीवार काटकर अंदर दाखिल हुए और वहां रखी नकदी ले उड़े। वहीं पास में स्थित किशन लाल जनरल स्टोर की दूसरी मंजिल की छत काटकर चोर दुकान में घुसे और गल्ले से नकदी चोरी कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि इसी दुकान में 17 दिसंबर को भी चोरी की वारदात हो चुकी है।
एक ही रात में तीन दुकानों में चोरी की घटना से व्यापारियों में रोष फैल गया। सूचना मिलने पर एसएसआई सी. आर्य, दरोगा अनुराग सिंह और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों दुकानों का बारीकी से निरीक्षण कर दुकान स्वामियों से पूछताछ की।
गौरतलब है कि रविवार देर रात भी एसडीओ वन विभाग कार्यालय में चोरी की घटना हुई थी। पुलिस अभी उस मामले की जांच में जुटी ही थी कि सोमवार रात फिर तीन दुकानों में चोरी हो गई। व्यापारियों ने आशंका जताई है कि क्षेत्र में कोई सक्रिय गिरोह लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा है।
पूर्व व्यापार मंडल महामंत्री तरुण ठाकुर ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस केवल चालान काटने तक सीमित रह गई है, जबकि शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें