Home » राष्ट्रीय » बिग न्यूज :- कपाट बंद होने के अवसर पर केदारनाथ धाम पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की

बिग न्यूज :- कपाट बंद होने के अवसर पर केदारनाथ धाम पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की

23 अक्टूबर 2025 ( सीमांत की आवाज )

रुद्रप्रयाग।
श्री केदारनाथ धाम के कपाट गुरुवार को विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष रूप से केदारनाथ धाम पहुंचे और बाबा केदार के समक्ष पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने इस दौरान केदारनाथ धाम क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी वर्ष 2026 की यात्रा के लिए समय से पहले सभी तैयारियां सुनिश्चित की जाएं, ताकि यात्रा प्रबंधन और भी सुचारू हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। प्रदेश सरकार के सुनियोजित प्रयासों से चारधाम यात्रा इस बार सफल और सुचारू रूप से सम्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा न केवल प्रदेश की आर्थिकी को सशक्त करती है, बल्कि उत्तराखंड को विश्वभर में बसे सनातन धर्मावलंबियों से भी जोड़ती है।

मुख्यमंत्री धामी ने तीर्थ पुरोहितों, हक-हकूकधारियों, स्थानीय कारोबारियों और तीर्थयात्रियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड के चारधामों और मानसखंड से जुड़े धार्मिक स्थलों का तीव्र गति से विकास हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा—
“इस वर्ष चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड तीर्थयात्री पहुंचे हैं। बाबा केदार की यात्रा अब सकुशल सम्पन्न हो चुकी है। हम सब पर बाबा का आशीर्वाद बना रहे। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को सनातन धर्म की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित कर रही है।”

RELATED LATEST NEWS