23 अक्टूबर 2025 ( सीमांत की आवाज )
खटीमा। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को खटीमा कैंप कार्यालय में आयोजित मुख्य सेवक युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवा राज्य और देश की प्रगति में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, उम्मीद और सकारात्मक सोच किसी भी राष्ट्र की दिशा बदल सकती है। उन्होंने कहा कि जब देश के युवा ठान लेते हैं, तो कोई भी ताकत देश को आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की आर्थिक और सामाजिक प्रगति इस बात का प्रमाण है कि हमारे युवा सजग, जागरूक और आत्मनिर्भर हैं। आज भारत को विश्व में आशा और विश्वास की दृष्टि से देखा जा रहा है क्योंकि भारत का जन भी युवा है और मन भी युवा है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि इच्छाशक्ति प्रबल हो तो पर्वत भी रास्ता दे देते हैं।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के हजारों युवा सेना, डिफेंस सेवाओं, सरकारी व निजी नौकरियों के साथ-साथ स्टार्टअप्स और नए व्यवसायों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड स्टार्टअप नीति आने के बाद से राज्य में स्टार्टअप संस्कृति तेजी से विकसित हुई है। सरकार ने 1100 से अधिक स्टार्टअप्स को मान्यता देते हुए 15 अत्याधुनिक इनक्यूबेटर स्थापित किए हैं। खाद्य प्रसंस्करण, कृषि, आईटी, एआई, जैव प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य और कल्याण जैसे क्षेत्रों में राज्य के युवा उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं का सही मार्गदर्शन ही देश के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के समग्र विकास और उन्नति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में निकिता उपाध्याय, कविता गोस्वामी, खुशी जोशी, चारु बोरा, पूर्वा गोस्वामी, हर्षिता राणा, गुलनाज, सुरजीत सिंह, रोहित जोशी आदि युवाओं ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, एसएसपी सहित अनेक जनप्रतिनिधि व युवा उपस्थित रहे।
– एएनआई न्यूज़ / सुरेंद्र कुमार गुप्ता, खटीमा







