बिग न्यूज :- गदरपुर को ₹28.30 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने किया बस स्टेशन सहित 8 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

31 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) गदरपुर। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गदरपुर दौरे के दौरान क्षेत्र को ₹28.30 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने ₹6.94 करोड़ की तीन पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और ₹21.36 करोड़ की पांच नई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवनिर्मित आधुनिक गदरपुर बस स्टेशन का फीता काटकर लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से गदरपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केवल शिलान्यास नहीं करती, बल्कि योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर उनका लोकार्पण भी करती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “विकास भी, विरासत भी” के संकल्प के साथ उत्तराखंड में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गुलरभोज को भविष्य में प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और ग्रामीण विकास से जुड़े कई कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चीनी मिल कर्मियों को सातवां वेतनमान दिलाने के लिए समाधान निकालने का आश्वासन दिया। साथ ही गुलरभोज में जिम कॉर्बेट जिप्सी परमिट व्यवस्था और गदरपुर महाविद्यालय में भविष्य में दो पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे, विधायक शिव अरोरा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ रुद्रपुर रिंग रोड का निरीक्षण भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें