10 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज )
“सैनिक कभी पूर्व नहीं होता, वह जीवनभर सैनिक रहता है” : मुख्यमंत्री धामी
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्द्वानी में आयोजित ‘गौरव सेनानी मिलन एवं पूर्व सैनिक सम्मान समारोह’ में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में कुमाऊं मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और सैनिक परिवारों ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को नमन करते हुए कहा कि सैनिकों ने अपने जीवन का स्वर्णिम समय राष्ट्र की रक्षा और सेवा के लिए समर्पित किया है। सैनिक कभी पूर्व या भूतपूर्व नहीं होता, वह जीवनभर सैनिक रहता है। हमारे पूर्व सैनिक ‘भूतपूर्व’ नहीं बल्कि ‘अभूतपूर्व’ हैं। उनके अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और अनुभव से समाज एवं देश को लगातार दिशा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं सैनिक के पुत्र हैं और सैनिक परिवारों के त्याग एवं संघर्ष को भली-भांति समझते हैं। उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है, जिसने दरबान सिंह नेगी, गबर सिंह नेगी, जनरल बीसी जोशी और जनरल बिपिन रावत जैसे वीर सपूत देश को दिए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की रक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वन रैंक-वन पेंशन लागू होने को उन्होंने पूर्व सैनिकों के हित में ऐतिहासिक निर्णय बताया।
सैनिक कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने शहीद सैनिकों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की है। परमवीर चक्र विजेताओं की एकमुश्त अनुदान राशि 50 लाख से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये की गई है। बलिदानी सैनिक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में सेवायोजित करने के लिए आवेदन की समय-सीमा दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष की गई है।
इसके अलावा सेवारत एवं पूर्व सैनिकों को 25 लाख रुपये तक की अचल संपत्ति की खरीद पर स्टाम्प शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तराखंड को वीरों की भूमि बताते हुए सैनिकों के योगदान की सराहना की। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने भी पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कार्यक्रम संयोजक सुरेश भट्ट, ध्रुव रौतेला, पूर्व मेयर जोगेंद्र रौतेला सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीरांगनाएं, सैनिक परिवार और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।














