बिग न्यूज :- नानकमता साहिब में सीएम धामी ने किया श्रमदान, स्वच्छता का दिया संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

05 अक्टूबर 2026 ( सीमांत की आवाज ) गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना, सेवा संकल्प अभियान के तहत चलाया स्वच्छता अभियान
नानकमता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री नानकमता साहिब पहुंचकर मत्था टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में स्वयं श्रमदान कर साफ-सफाई की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ-साथ अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों और सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को प्राथमिकता देना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर निरंतर चलने वाला जनअभियान बनना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के समर्पित जनसेवा कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने अपना जीवन देश और देशवासियों की सेवा के लिए समर्पित किया है। 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा श्री नानकमता साहिब कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को सरोपा एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, गुरुद्वारा कमेटी अध्यक्ष सरदार जोगेंद्र सिंह, महासचिव सरदार अमरजीत सिंह बोपराय, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें