05 अक्टूबर 2026 ( सीमांत की आवाज )
मुख्यमंत्री की माता बिशना देवी भी पहुंचीं महोत्सव में, 17 राज्यों से आए कलाकारों का किया उत्साहवर्धन
खटीमा। भारत-नेपाल सीमा से सटी खटीमा विधानसभा क्षेत्र में पहली बार आयोजित तीन दिवसीय जनजातीय आदि रंगोत्सव महोत्सव के दूसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की माता श्रीमती बिशना देवी और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी ने शिरकत की। इस दौरान गीता धामी ने मंच पर कलाकारों के साथ थिरककर उनका उत्साह बढ़ाया और महोत्सव में मौजूद लोगों का भी उत्साहवर्धन किया।
महोत्सव में देश के 17 राज्यों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला, संस्कृति, लोकनृत्य और लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। गीता धामी ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन देश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत को नई पहचान देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने महोत्सव में पहुंची क्षेत्र की जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो रहे लोगों का उल्लेख करते हुए आमजन से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की माता श्रीमती बिशना देवी की मौजूदगी भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। महोत्सव में उमड़ी भीड़ ने जनजातीय संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियों का आनंद लिया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। खटीमा में आयोजित यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक विविधता और जनजातीय परंपराओं को राष्ट्रीय मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।













